तकनीकी शिक्षा मंत्री से मिला प्रवक्ता संघ, इंक्रीमेंट बहाल करने की उठाई मांग
ऊना, 26 जनवरी । जिला ऊना प्रवक्ता संघ पूर्व विधायक सतपाल रायजादा के नेतृत्व में सोमवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानी से मिला। इस दौरान संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक मांग पत्र सौंपा। संघ के अध्यक्ष शशि सैनी, सचिव संजीव कुमार और चेयरमैन देवेंद्र सिंह वैली ने कहा कि तकनीकी शिक्षा मंत्री से कार्य-परिणाम (रिज़ल्ट) के कारण रोकी गई प्रवक्ताओं की वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) को बहाल करने की मांग उठाई। साथ ही यह आग्रह किया कि प्रवक्ताओं का मूल्यांकन तीन वर्षों के परिणाम के आधार पर किया जाए, न कि एक वर्ष के आधार पर। वहीं सीबीएसई स्कूलों के लिए अलग कैडर न बनाए जाने तथा सीबीएसई स्कूलों के लिए प्रवक्ताओं का अलग से टेस्ट न लिए जाने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के प्रयासों से ही प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंचा है। इसके अतिरिक्त, नॉन-बी.एड. प्रवक्ताओं की सेवाओं को शीघ्र नियमित करने की मांग करते हुए बताया गया कि इन प्रवक्ताओं की सेवाओं को बी.एड. की छूट के साथ विभिन्न महाविद्यालयों से अधिगृहित किया गया था। उन्होंने कहा कि संघ की यह भी मांग है कि प्रवक्ताओं को पूरे सेवा काल में केवल एक ही पदोन्नति मिलती है और कई प्रवक्ता बिना किसी पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो जाते हैं। ऐसे में जेई व सुपरिंटेंडेंट की तर्ज पर टाइम-बाउंड इंक्रीमेंट देने की मांग की गई। साथ ही प्रवक्ताओं के लंबित डी.ए. एरियर के शीघ्र भुगतान का आग्रह भी किया गया।
इस इस मौके पर संदीप सैनी, सचिन, रामकुमार, प्रधानाचार्य संजीव शर्मा, अशोक हांडा, नवीन धीमन इत्यादि उपस्थित रहे।

