कुशियरा जंगल में पुलिस की दबिश, बैल लदी पिकअप छोड़ भागे तस्कर
मीरजापुर, 27 जनवरी । मुखबिर से मिली सूचना पर मंगलवार को लालगंज थाना पुलिस ने गोतस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए बड़ी कार्रवाई की। कुशियरा जंगल क्षेत्र में रानीबारी गांव के पास पुलिस ने एक पिकअप वाहन से नौ बैल बरामद किए। जबकि तस्कर पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कुशियरा जंगल की ओर से रानीबारी गांव के रास्ते एक पिकअप वाहन पर बैल लादकर तस्कर ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। जैसे ही पिकअप वाहन रानीबारी गांव के आगे कुशियरा जंगल के पास पहुंचा, पुलिस वाहन को देखकर तस्कर घबरा गए और बैल लदी पिकअप छोड़कर जंगल में भाग निकले। पुलिस टीम ने तस्करों का कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर वे फरार हो गए। मौके से बरामद नौ बैलों को सुरक्षित महुलार स्थित गो-आश्रय स्थल में भेज दिया गया है।
इस मामले में अज्ञात गोतस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत थाना लालगंज में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक लालगंज संजय सिंह का कहना है कि तस्करों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

