UP

लापता युवक का मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बिजनौर, 03 फरवरी । उत्तर प्रदेश में बिजनौर जनपद के थाना नांगल क्षेत्र में सोमवार को घर से लापता युवक का शव मंगलवार को गंगा खादर क्षेत्र में मिला। शव मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया और हत्या की आशंका जताई गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

थाना नांगल क्षेत्र के गांव रायपुर खास उर्फ कोट सराय निवासी रतीराम का 25 वर्षीय बेटा कविंद्र सोमवार की शाम से घर से लापता हो गया था। मंगलवार को उसका शव गंगा खादर क्षेत्र में मिला। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हत्या किये जाने की बात कही। वहीं

पुलिस क्षेत्राधिकारी नितेश प्रताप सिंह, मंडावली थाना प्रभारी राकेश कुमार तथा नांगल थाना प्रभारी अमर सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किया। वहीं पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। इस दौरान यह भी चर्चा सुनी गई कि मृतक युवक ने अपने परिजनों को फोन पर सूचित किया था कि वह अब वापस नहीं आएगा। परिजनों द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, फिलहाल प्रारंभिक जांच में जहर खाने से युवक की मौत होने के बात सामने आ रही है।