Haryana

रेवाड़ीः स्कूल बस व कार की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, कई बच्चे चाेटिल

रेवाड़ी, 03 फ़रवरी । जिले के गांव मोहनपुर के पास मंगलवार दोपहर बाद एक प्राइवेट स्कूल बस व कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कुछ स्कूली बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। मृतकों की पहचान जैतड़ावास निवासी जितेंद्र और सचिन के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर बावल के अस्पताल में रखवा दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव मोहनपुर के ज्ञानदीप स्कूल की बस छुट्टी होने के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। सांजरपुर गांव से टांकड़ी की ओर जाते समय सामने से आ रही एक कार के साथ स्कूल बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दोनों युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। कार से टकराने के बाद बस पेड़ से टकरा गई जिससे बस चालक भी घायल हो गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई।

आसपास के लोगों ने किसी तरह बच्चो को बाहर निकाला और घायलों को रेवाड़ी के मात्रिका अस्पताल में भर्ती कराया। बस में सवार बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि सभी को सुरक्षित बताया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस व बच्चों के स्वजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।