सिरसा: आपात स्थिति से निपटने को पुलिस ने की मॉक ड्रिल
सिरसा, 03 फ़रवरी । सिरसा के पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस जवानों को आपातकालीन स्थिति एवं विषम परिस्थितियों से निपटने एवं जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मॉक ड्रिल का अभ्यास करवाया गया। एसपी दीपक सहारण ने पुलिस जवानों को संबोधित करते हुए सिरसा जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने लिए निर्देश देते हुए कहा कि आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर उनका सहोयग लें अथवा कानून से खिलवाड़ करने वाले आपराधिक किस्म के लोगों से सख्ती से निपटा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिरसा पुलिस हर प्रकार की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जवानों को समय-समय पर इस प्रकार की ड्रिल करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार के अभ्यास जारी रहेंगे। कानून व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ तुरंत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। ड्रिल अभ्यास के साथ-साथ जवानों को आपदा प्रबंधन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
एसपी ने पुलिस जवानों को बताया कि यदि किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति उत्पन्न हो जाती है तो उससे निपटने के लिए पुलिस जवानों को क्या करना चाहिए तथा किस प्रकार से स्थिति पर नियंत्रण में करना चाहिए आदि के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अभ्यास भी कराया। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिस जवानों को दंगा निरोधक उपकरण जैसे लाठी, डंडा, केन-शील्ड, आंसू गैस तथा वाटर कैनन आदि का बारीकी से अभ्यास करवाएं एवं दंगा निरोधक उपकरणों के रखरखाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दें। इस अवसर पर आधुनिक दंगा निरोधक उपकरणों एवं साजोसामान से सुसज्जित जवानों ने पुलिस लाइन में अभ्यास किया।

