जींद : हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना हुई शुरू, मांगे पंचायतों से आवेदन
जींद, 04 फ़रवरी । ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगर निकायों के युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने तथा उन्हें नशा जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के उद्देश्य से सरकार द्वारा हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2025-26 प्रारम्भ की गई है। इस योजना के तहत ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों को वॉलीबॉल खेल के लिए अधिकतम छह गेंदें एवं नेट (जहां पोल स्थापित हों) फुटबॉल खेल के लिए अधिकतम छह गेंदें एवं नेट (जहां पोल स्थापित हों) बास्केटबॉल खेल के लिए अधिकतम छह गेंदें (जहां पोल स्थापित हों), हैंडबॉल खेल के लिए अधिकतम छह गेंदें एवं नेट (जहां पोल स्थापित हों), बॉक्सिंग खेल के लिए अधिकतम छह पंचिंग बैग एवं 12 जोड़ी बॉक्सिंग ग्लब्स, कुश्ती के लिए रेसलिंग मैट (आकार एक मीटर लंबाई, 2 मीटर चैड़ाई और पांच सेंटीमीटर मोटाई), कुल 18 पीस कवर सहित, जूडो के लिए जूडो मैट (आकार 1 मीटर लंबाई, 2 मीटर चैड़ाई और पांच सेंटीमीटर मोटाई) कुल 18 पीस कवर सहित तथा क्रिकेट खेल के लिए एक किट जिसमें दो बैट, दो सेट विकेट (स्टंप सहित), छह गेंदें, दो जोड़ी बैटिंग पैड व ग्लब्स तथा एक जोड़ी विकेट कीपिंग पैड व ग्लब्स शामिल होंगे।
जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह सभी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुसार उपलब्ध करवाई जाएगी। संबंधित ग्राम पंचायतें एवं नगर निकाय अपनी आवश्यकता अनुसार इन खेलों के खेल सामान की मांग निर्धारित प्रोफार्मा में भरकर 31 मार्च तक अर्जुन स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। बस शर्त यह है कि संबंधित ग्राम पंचायत अथवा नगर निकाय द्वारा पिछले दो वित्तीय वर्षों में यह खेल सामान प्राप्त न किया गया हो।

