Punjab

सीमा पार से भेजी गई 3.925 किलोग्राम हेरोइन ड्रोन को मार गिराकर बरामद की गई

चंडीगढ़, 04 फ़रवरी । तरन तारन पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सरहदी चौकी (बीओपी) कालियां के निकट खेतों से 3.925 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने एक डीजेआई मैट्रिस ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तानी तस्करों ने सीमा पार से खेप भेजने के लिए किया था। सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ ऑपरेशन के बारे में डीजीपी ने कहा कि सीमा पार के हैंडलरों की पहचान करने, सप्लाई रूटों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को नष्ट करने के लिए जांच की जा रही है।

तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पंजाब सरकार के ‘बाज अख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम ने सरहदी चौकी (बीओपी) कालियां के निकट ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाया था। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने बीएसएफ को सूचित किया और संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हेरोइन से लदे ड्रोन को बेअसर किया गया, जिसे बाद में खेतों से बरामद किया गया। एसएसपी ने कहा कि जिन लोगों को यह हेरोइन की खेप प्राप्त करनी थी, उनकी पहचान के लिए जांच जारी है।