शिमला : 9.26 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक पकड़े, एक गिरफ्तार, दूसरा अस्पताल में भर्ती
शिमला, 08 फ़रवरी । शिमला ज़िले में हाल के महीनों में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने विभिन्न इलाकों में विशेष निगरानी और गश्त अभियान तेज किया हुआ है। इसी अभियान के तहत रामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस के अनुसार डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम शनिवार रात जब भैरा खड्ड (निरथ) क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी, तभी एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से दो युवकों के कब्जे से कुल 9.26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान युगल किशोर (35) निवासी गांव अली, डाकघर थैली चकती, तहसील रामपुर और नरेश (23) निवासी शानन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके पर युगल किशोर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नरेश की तबीयत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए खनेरी अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। जिस वाहन (HP06C-6566) में दोनों आरोपी सवार थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

