मंदसौरः चिकित्सक की लापरवाही से माँ-बच्चों की मौत, डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सेवा से पृथक करने की मांग
मन्दसौर,, 10 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी अंकित गेहलोत की पत्नी पूनम और उनके दो नवजात शिशुओं की मृत्यु के मामले में महावीर फतेह करे सेवा संस्था (बालाजी ग्रुप) ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नगर के गणमान्य नागरिकों ने चिकित्सक पर लापरवाही, पीसी-पीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन और अवैध निजी प्रैक्टिस के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें शासकीय सेवा से पृथक करने की मांग की है।
ग्रुप के जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र मंगल बैरागी ने बताया कि पूनम पिछले 8 माह से डॉ. रितु शर्मा की देखरेख में थीं। परिवार ने आरोप लगाया है कि 16 दिसंबर 2025 को गर्भ में दोनों शिशु जीवित थे, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने बिना किसी पैथोलॉजिकल जांच के दवाइयां दीं, जिससे शरीर में संक्रमण फैल गया। शिशुओं की धड़कन रुकने पर जब उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, तो वहां के स्टाफ ने भी 3 घंटे तक पीड़िता को बेड उपलब्ध नहीं कराया और वह तड़पती रहीं। बाद में उदयपुर के जीवन ज्योति हॉस्पिटल ले जाने पर पता चला कि एक शिशु की मौत 7 दिन पहले ही हो चुकी थी। संक्रमण इतना फैल चुका था कि दूसरे शिशु और अंतत: माता पूनम को भी नहीं बचाया जा सका।
शासकीय चिकित्सक होते हुए भी निजी क्लीनिक चला रही
बालाजी ग्रुप ने ज्ञापन में यह भी मुद्दा उठाया कि डॉ. रितु शर्मा शासकीय चिकित्सक होते हुए भी निजी क्लीनिक चला रही हैं। साथ ही, बिना रेडियोलॉजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षरित सोनोग्राफी रिपोर्ट देना पीसी-पीएनडीटी एक्ट का सीधा उल्लंघन है। ज्ञापन में कहा कि मामले की गठित वर्तमान जांच समिति केवल पीड़ित पक्ष के बयान ले रही है; दोषी डॉक्टर के बयान लेकर अविलंब रिपोर्ट पेश की जाए। तथा डॉ. रितु शर्मा और संबंधित स्टाफ के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। शासकीय नियमों के विरुद्ध निजी प्रैक्टिस करने पर डॉक्टर को शासकीय सेवा से तत्काल पृथक किया जाए। बालाजी ग्रुप ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस मामले में जल्द और निष्पक्ष कार्यवाही नहीं की, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपते समय हिम्मत डांगी, दिलीप शर्मा, विजय दुबेला, रूपनारायण मोदी, मंगल बैरागी, अंकित गेहलोत, महेश मोदी, बालाजी ग्रुप नगर अध्यक्ष लोकेश ठाकुर, लोकेश सोनी, गणपत कुमावत, किशोर सैनी, बलराम गेहलोत, मुकेश गेहलोत, नंदकिशोर राठौर, कपिल कच्छावा, योगेंद्र गेहलोत, हेमंत गेहलोत सहित बड़ी संख्या में ग्रुप सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

