Haryana

गुरुग्राम: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव व पद्मश्री बिमल जैन को मिली मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स उपाधि

गुरुग्राम, 10 फरवरी । श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्राइसेंटेनरी (एसजीटी) विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित विशेष दीक्षांत समारोह में प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव तथा प्रख्यात समाजसेवी पद्मश्री बिमल कुमार जैन को डॉक्टर ऑफ लेटर्स (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परिषद, प्रबंधन मंडल, शासी निकाय एवं कुलाधिपति की अनुशंसा पर प्रदान किया गया। कुलाधिपति राम बहादुर राय ने उन्हें उपाधि भेंट की।

आरती सिंह राव को खेल, जनस्वास्थ्य और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज के रूप में उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया। खेल जीवन के बाद उन्होंने पैरा खिलाडिय़ों के उत्थान को अपना मिशन बनाया और हरियाणा में दिव्यांग खिलाडिय़ों के लिए विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक कोचिंग, मानसिक परामर्श और आर्थिक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की। उनके प्रयासों से राज्य के पैरा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सेंकड़ों पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

पद्मश्री बिमल कुमार जैन को समाज सेवा और दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में उनके चार दशक से अधिक के समर्पित कार्यों के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारत विकास विकलांग न्यास और दधीचि देहदान समिति के माध्यम से उन्होंने हजारों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, उपचार और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराईं। अंगदान और देहदान के प्रति जनजागरुकता फैलाने, नेत्रदान अभियान को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायी रहा है।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. हेमंत वर्मा, कुलसचिव डॉ. सुबोध कुमार, दशमेश एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष मधुप्रीत कौर चावला, एसजीटी विश्वविद्यालय के सलाहकार डॉ. मदन चतुर्वेदी, प्रो वाइस चांसलर डॉ. अतुल कुमार नासा, गवर्निंग बॉडी सदस्य डॉ. राजकुमार भाटिया, गवर्निंग बॉडी सदस्य डॉ. अनिल कोहली, सुषमा कोहली, सरोज जैन, प्रबंध ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला तथा गवर्निंग बॉडी सदस्य अमृत चावला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।