सिरसा से अपहृत व्यक्ति राजस्थान से बरामद
सिरसा, 10 फ़रवरी । सिरसा जिले के ऐलनाबाद शहर से अपहृत एक व्यक्ति को पुलिस ने राजस्थान के नोहर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को अपहृत सुभाष वर्मा को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अपहृत व्यक्ति के हाथ में पहनी अंगूठी, कड़ा व मोटरसाइकिल बदमाश ले गए हैं। गौरतलब है कि बीते रविवार रात को ऐलनाबाद से दो लोगों ने सुभाष वर्मा को अगवा कर लिया था।
बाद में परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले तो दो व्यक्तियों के साथ सुभाष वर्मा दिखे, जिससे अपहरण की पुष्टि हो हुई। अगले दिन सुभाष का परिजनों को फोन आया कि वे राजस्थान के नोहर क्षेत्र में एक होटल में है। पुलिस नोहर के होटल में पहुंची और सुभाष को सकुशल बरामद किया। अपह्त सुभाष के अनुसार रविवार रात को वे अपने घर लौट रहे थे।
दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका और कुछ नशीला पदार्थ सूंघा लिया जिससे वे अचेत हो गए। अगले दिन उसे होश आया तो उसने खुद को राजस्थान के नोहर के एक होटल में पाया। अपहरणकर्ता सुभाष वर्मा के हाथ में पहनी अंगूठी, कड़ा व मोटरसाइकिल ले गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं बताया जा रहा है कि सुभाष वर्मा एक सामाजिक संस्था से जुड़े हुए हैं।

