मप्र एवं उप्र राज्यों की पुलिस से रखें बेहतर समन्वय : सांगवान
धौलपुर, 10 फ़रवरी । जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मंगलवार को जिले के मनियां पुलिस सर्किल के अंतर्गत पुलिस थाना राजाखेड़ा एवं दिहोली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों अभिलेख कक्ष, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और स्वागत कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने रिकॉर्डों की जांच करते हुए लंबित प्रकरणों और परिवादों की समीक्षा की तथा अनुसंधान कार्य में पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, अवैध हथियारों, मादक पदार्थ तस्करों, वाहन चोरी गिरोहों और असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने की आवश्यकता भी जताई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि दोनों ही थाना क्षेत्रों की अंतरराज्यीय सीमा उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश से सटी हुई है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने अवैध तस्करी, अंतरराज्यीय अपराधों और हथियारों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाने और संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के रख-रखाव, अनुशासन, जनसंपर्क और शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा कर आवश्यक सुधार के सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान वृत्ताधिकारी मनियां खलील अहमद, थानाधिकारी दिहोली राहुल कुमार प्रशिक्षु आरपीएस तथा थानाधिकारी राजाखेड़ा गंभीर सिंह सहित दोनों थानों का पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

