अधेड़ की हत्या से मचा हड़कंप।
अमेठी, 15 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लीही गांव में बीती रात अधेड़ की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी मिलते ही रविवार की सुबह गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दलित अधेड़ शिव प्रसाद कोरी (54) पुत्र श्रीनाथ कोरी गांव से बाहर खेत में सूअर पालन का कार्य करता था। बीती रात मृतक वहीं खेत में वह सो रहा था तभी अज्ञात हमलावरों के द्वारा धारदार हथियार से शिवप्रसाद के सिर पर वार करते हुए उसकी हत्या कर दी गई । इस घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब ग्रामीण शौच के लिए खेतों में गए। तब वहां पर शिव प्रसाद की लाश को देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है। जबकि मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। लाश को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। लाश का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। वह साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कर रही है । घर के लोगों तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाए जा रही है। जल्दी ही घटना का अनावरण कर दिया जाएगा।

