Haryana

सिरसा नगर परिषद की हाउस मीटिंग में जमकर हंगामा

सिरसा, 16 फ़रवरी । सिरसा नगर परिषद की सोमवार को हुई हाउस मीटिंग में विपक्षी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। बैठक में भाजपा समर्थित कुछ पार्षदों ने भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए तो विपक्षी पार्टियों से जुड़े पार्षद इस बात को लेकर बिफर गए और नाराजगी जताते हुए चेयरमैन शांति स्वरूप पर भेदभाव के आरोप जड़े। उल्लेखनीय है कि शहर के बीएंडआर रेस्ट हाउस में बाद दोपहर शहर के विकास कार्यों को लेकर विभिन्न एजेंडों पर विचार विमर्श के लिए बैठक हुई। इस दौरान पूर्व की बैठक में रखे गए एजेंडों पर ही चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस से जुड़े पार्षदों ने स्टॉर्म वॉटर सहित शहर में उखाड़ी गई गलियों को लेकर सवाल उठाए और पूरा एजेंडा सभी पार्षदों के सामने रखने की मांग की। पार्षद गोपी राम सैनी व राजेंद्र सरदाना ने कहा कि बैठक का एजेंडा पहले नहीं दिया गया और कुछ पार्षदों से तो बाद में हस्ताक्षर करवाए गए। इन पार्षदों का आरोप है कि भाजपा से जुड़े पार्षद भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाकर शहर के विकास कार्यों पर होने वाली चर्चाओं को दबाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि चेयरमैन व इनसे जुड़े पार्षद अपनी जिम्मेदारी से बच जाएं। उन्होंने इस बात का विरोध करते हुए चेयरमैन से कहा कि यह किसी पार्टी की बैठक न होकर शहरवासियों द्वारा विकास व जनसमस्याओं को दूर करने के लिए चुने गए पार्षदों की बैठक है और इसमें केवल शहर के विकास पर चर्चा होनी चाहिए। चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि पार्षदों की सहमति से शहर के विकास को लेकर बैठक हुई है, लेकिन कुछ पार्षद बेवजह हंगामा कर रहे हैं।