बजट सत्र का दूसरा दिन: आरडीजी पर चर्चा में गरमाएगा सदन, प्रश्नकाल में प्रश्नकाल में सेवा विस्तार, सड़क और पेयजल योजनाओं पर जवाब मांगेंगे विधायक
शिमला, 17 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन मंगलवार को कई महत्वपूर्ण चर्चाओं और विधायी कार्यों के साथ आगे बढ़ेगा। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विधायक सरकार से जवाब मांगेंगे। इसके बाद विधायी कार्यों के साथ-साथ 16वें वित्त आयोग द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने के मुद्दे पर चर्चा आज भी जारी रहेगी, जिस दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा भी शुरू की जाएगी। इस चर्चा में सत्ता पक्ष सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को सामने रखेगा, जबकि विपक्ष विभिन्न नीतियों और वित्तीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा।
प्रश्नकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा विस्तार से जुड़े मामलों, दिव्यांगों से संबंधित योजनाओं, सहकारी सभाओं की स्थिति, प्रदेश की सड़कों की हालत, पेयजल योजनाओं की प्रगति तथा पिछले मानसून के दौरान हुए नुकसान और उससे संबंधित राहत कार्यों जैसे विषयों पर विधायकों द्वारा सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों के जवाब संबंधित मंत्री सदन में देंगे।

