Uttarakhand

कुमाऊंनी होली की धूम, युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने की अनूठी पहल

हल्द्वानी, 18 फरवरी । कुमाऊं क्षेत्र में होली का उत्साह इन दिनों चरम पर है। बैठकी होली के आयोजनों में महिलाओं और पुरुषों के मधुर स्वरों की लहरियां वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रही हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी के जगदंबा बैंक्विट हॉल में कुमाऊंनी होली की समृद्ध परंपरा को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिखर सांस्कृतिक विकास समिति की ओर से भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेते हुए पारंपरिक होली गायन प्रस्तुत किया। संस्था की अध्यक्ष लता कुंजवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि कुमाऊंनी होली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति और सामुदायिक एकता का प्रतीक है।

मंगलवार देर शाम महिलाओं ने “सिद्धि करो महाराज होलिन के दिन में…” और “गणपति गौरी महेश मनाऊ, इन संग पूजो आज…” जैसे पारंपरिक होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। महिला होल्यारों के सुरों ने ऐसा समा बांधा कि पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

होली गायन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों का उल्लासपूर्वक आनंद लिया।