MP

राजगढ़ः डिवाइडर से कार टकराने पर पति-पत्नी की मौत

राजगढ़, 18 फरवरी। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम शिमला होटल के समीप इंदौर से ब्यावरा तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित शिमला होटल के समीप इंदौर से ब्यावरा तरफ जा रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 04 सीजे 7250 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रुप से घायल कार चालक श्रीनिवास (45) पुत्र घासीराम साहू निवासी इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी सुनीता साहू (44)साल को गंभीर चोटें लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एम्बूलेंस वाहन की मदद से सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से शाजापुर के लिए रेफर किया गया। इसी दौरान महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दोनों के शव को मर्चरुरी रुम में रखवाया गया है, जिनका पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।