Uttarakhand

सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की नई कार्यकारिणी को दिलाई शपथ

हरिद्वार, 18 फ़रवरी । सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के शपथ ग्रहण एवं वरिष्ठतम नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी ललिता नंद गिरी, पूर्व हाईकोर्ट जस्टिस राजेश टंडन और दर्जा प्राप्त मंत्री नवीन चंद्र वर्मा ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नवीन चंद्र वर्मा ने कहा कि धामी सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के िलए प्रतिबद्ध है और समाज कल्याण विभाग उनके हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख किया। जस्टिस राजेश टंडन ने वरिष्ठ जनों से अपने अनुभव समाज को देने और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। महामंडलेश्वर स्वामी ललिता नंद गिरी ने वरिष्ठ नागरिकों को 5000 पेंशन की मांग उठाई।

समारोह में पूर्व पालिका अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, समाजसेवी शंभू नाथ, डॉ. दीपा शर्मा, डॉ डी एन बत्रा, वरिष्ठ व्यवसाई दाऊ दयाल, नरेंद्र कुमार शर्मा, चौधरी चरण सिंह, समाजसेवी मोहनलाल और 100 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग लाल सिंह को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष अमरीश रस्तोगी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।