फरीदाबाद : मुजेसर अग्रिकांड में कंपनी मालिक के बेटे व कर्मचारी की मौत
फरीदाबाद, 19 फरवरी । सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में बीते सोमवार देर शाम हुए भीषण अग्निकांड व केमिकल ब्लास्ट मामले में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। यह हादसा मुजेसर क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालका लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुआ था, जहां आग लगने के बाद केमिकल से भरे ड्रमों में जोरदार धमाके हुए थे। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वर्कशॉप में अचानक आग भडक़ उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कालका लुब्रिकेंट वर्कशॉप में रखे केमिकल के ड्रमों में एक के बाद एक कई विस्फोट हो गए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। हादसे में करीब 35 से अधिक लोग झुलस गए थे। घायलों में दोनों वर्कशॉप के मालिक भी शामिल थे, जो गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में शामिल कालका लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप के मालिक के बेटे अभिषेक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं प्रदीप नामक एक अन्य कर्मचारी की भी घटना के चार दिन बाद मौत हो गई। दोनों के शवों का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया है और परिजनों को सौंप दिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की सभी वर्कशॉप को फिलहाल बंद करा दिया गया है। मुजेसर थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि आगजनी और ब्लास्ट की घटना को लेकर दोनों वर्कशॉप के मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आग किस कारण लगी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। फिलहाल दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

