Rajasthan

स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच व उपचार सुविधाओं की होगी समीक्षा

जयपुर, 19 फ़रवरी । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश के राजकीय सैटेलाइट, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच और उपचार सुविधाओं में यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसकी जांच कर आवश्यक पूर्ति की जाएगी।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रशान्त शर्मा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि आमेर का सैटेलाइट अस्पताल एक धरोहर भवन में संचालित हो रहा है। यहां स्थान की कमी है तथा भवन की संरचना में किसी प्रकार का परिवर्तन संभव नहीं है। अस्पताल को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए विभाग द्वारा जयपुर विकास प्राधिकरण को कई बार पत्र लिखे गए हैं। नई भूमि उपलब्ध होते ही स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा से संबंधित राजकीय सैटेलाइट चिकित्सालयों में मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत एक्स-रे, हृदय लेख, सोनोग्राफी सहित विभिन्न प्रकार की जांचें निःशुल्क की जा रही हैं। इन चिकित्सालयों में मेडिसिन, कान-नाक-गला, नेत्र, अस्थि रोग, फिजियोथेरेपी, शल्य, दंत, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, क्षयरोग और चर्म रोग सहित विभिन्न विभागों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध है।

साथ ही चौबीसों घंटे आपातकालीन सेवाएं भी दी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के चिन्हित 2065 प्रसव केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान तथा प्रसव के बाद 42 दिन तक सभी चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल और सैटेलाइट चिकित्सालयों में 56 प्रकार की जांचें, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 37 प्रकार की तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और औषधालयों में 15 प्रकार की जांचों की व्यवस्था है।

मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना (दवा) के अंतर्गत सैटेलाइट चिकित्सालयों में 1097, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 771 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 546 प्रकार की दवाएं आवश्यक दवा सूची में शामिल कर उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने बताया कि आमेर विधानसभा क्षेत्र के सैटेलाइट, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में निर्धारित मानकों के अनुसार औषधि, उपचार और उपकरण उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आमेर क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में संवर्गवार कुल 247 पद स्वीकृत हैं।