Rajasthan

रीको भर्ती की अंतिम तिथि सात मार्च तक बढ़ी, 23 पदों की बढ़ोतरी

जयपुर, 20 फ़रवरी । राज्य के प्रतिष्ठित उपक्रम राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) में विभिन्न संवर्गों में चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर सात मार्च 2026 कर दी गई है। साथ ही चार संवर्गों में कुल 23 पदों की वृद्धि की गई है।

पदों में की गई बढ़ोतरी के अनुसार सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय का 1 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 10 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 11 पद तथा प्रारूपकार का 1 पद बढ़ाया गया है। पदों की संख्या में वृद्धि के चलते आवेदन की अंतिम तिथि को विस्तारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि रीको ने 20 जनवरी 2026 को कम्पनी सचिव, सहायक नगर नियोजक, प्रोग्रामर, सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय, कनिष्ठ विधि अधिकारी, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय, प्रारूपकार एवं कनिष्ठ सहायक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की थी।

पद वृद्धि के बाद अब कम्पनी सचिव, सहायक नगर नियोजक एवं प्रोग्रामर के 1-1 पद, सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय के 22 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 14 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 19 पद, प्रारूपकार के 9 पद तथा कनिष्ठ सहायक के 54 पदों पर भर्ती की जा रही है।

अभ्यर्थी सभी पदों के लिए सात मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिन उम्मीदवारों ने पूर्व में विज्ञापित पदों के लिए आवेदन किया है, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

ऐसे अभ्यर्थियों को पूर्व आवेदन के आधार पर पात्र माना जाएगा, बशर्ते वे विज्ञापन की शर्तों की पालना करते हों।

रीको में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया, नियम एवं शर्तों तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी रीको की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।