Himachal Pradesh

जंगल में मिला मानव कंकाल, रस्सी का फंदा और मोबाइल भी बरामद

शिमला, 21 फ़रवरी । शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के टिक्कर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब कशैनी गांव के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का मानव कंकाल बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पुलिस चौकी टिक्कर को फोन पर पूर्व वार्ड सदस्य ने जानकारी दी कि गांव के दो लोगों ने कशैनी जंगल में पानी की बावड़ी के पास एक मानव कंकाल देखा है। सूचना मिलते ही पुलिस दल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस को अंकुश जनारथा, कपिल पांचटा और सुरजीत दत्ता मौजूद मिले। प्रारंभिक जांच के दौरान बावड़ी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल बरामद हुआ। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एसएफएसएल जुन्गा की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।

पुलिस को मौके पर एक पेड़ से रस्सी का फंदा भी मिला है, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। वहीं घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जांच में मोबाइल के कवर से दो एयरटेल सिम कार्ड और फोन के अंदर से एक अन्य सिम कार्ड मिला।

प्रारंभिक पड़ताल में ये सिम कार्ड मोहन मिस्त्री नाम के नेपाली मूल के व्यक्ति से जुड़े पाए गए हैं। हालांकि पुलिस अन्य नंबरों और पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। अभी तक कंकाल की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस का कहना है कि कंकाल की पहचान के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।