राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, दिन में तेज धूप से सर्दी कमजोर
जयपुर, 21 फ़रवरी । राजस्थान में तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ ही सर्दी अब कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होगी, जिससे दिन में हल्की गर्मी का अहसास होगा।
शुक्रवार को प्रदेश के छह शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक मापा गया। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। आसमान साफ रहने से अधिकांश जिलों में अच्छी धूप खिली रही और लोगों को सर्दी से राहत मिली।
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जालोर क्षेत्र में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रिकॉर्ड हुआ।
इसके अलावा जोधपुर में 31, फलोदी में 31.4, जैसलमेर में 30.3, पाली में 30.1 और जालोर में 31.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान मापा गया। इन शहरों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 11 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे अधिक था। बीकानेर में 17.2, फलोदी में 17, जालोर में 15.3, सिरोही में 15.4, जोधपुर में 16.5, जैसलमेर में 15.6, उदयपुर में 16, चित्तौड़गढ़ में 15.4 और भीलवाड़ा में 15.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।

