सीबीआई ने वांछित आरोपित अनिल कुमार रेड्डी का यूएई से प्रत्यर्पण कराया
नई दिल्ली, 26 फ़रवरी । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल के जरिए वांछित आरोपित अनिल कुमार रेड्डी येद्दुला का संयुक्त अरब अमीरात से सफल प्रत्यर्पण किया। आरोपित को गुरुवार को दुबई से हैदराबाद लाया गया और एयरपोर्ट पर आंध्र प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया।
सीबीआई के अनुसार, अनिल कुमार रेड्डी येद्दुला आंध्र प्रदेश पुलिस का वांछित आरोपित है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक धमकी के कई मामले दर्ज हैं। उसे दुबई पुलिस की टीम भारत लेकर आई। आरोपित को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्य पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई ने विदेश मंत्रालय और अबू धाबी स्थित इंटरपोल इकाई के साथ मिलकर इस प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। इस मामले में एजेंसी ने आंध्र प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर 5 सितंबर 2022 को इंटरपोल से रेड नोटिस जारी कराया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल के समन्वय से 130 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

