प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने मनाया होली महापर्व
उरई, 28 फ़रवरी । जालाैन जनपद के प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा में शनिवार को होली पर्व बड़े ही उल्लास, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल, बच्चों की खिलखिलाहट और उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के सामाजिक महत्व से अवगत कराना तथा उनमें आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को होली पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी के साथ हुई। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन उपाध्याय, शिक्षक श्याम ने अग्नि प्रज्ज्वलन के महत्व और प्राकृतिक रंगों के उपयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को लेकर प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक उद्बोधन दिया। शिक्षिका सविता कुशवाहा एवं अनु गुप्ता ने बच्चों को सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से होली खेलने में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को जलेबी वितरित की गई। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं सभी अत्यंत प्रसन्न एवं उत्साहित दिखाई दिए। पूरा विद्यालय परिवार एक परिवार की तरह एकत्रित होकर प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देता नजर आया।————–

