Himachal Pradesh

किरन रिजिजू पहुंचे चंबा, विकास कार्यों की ली समीक्षा बैठक

चंबा, 28 फ़रवरी । केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का चंबा पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह ढूंडियारा बंगला में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक नीरज नैय्यर, डीएस ठाकुर, पूर्व विधायक विक्रम जरयाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने पर बल दिया।

चंबा परिधि में प्रवेश करने पर पूर्व विधायक पवन नैय्यर, स्थानीय नागरिकों और बौद्ध समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी उनका स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के दौरान डलहौजी और खज्जियार का भी भ्रमण किया।

केंद्रीय मंत्री 1 मार्च को प्रातः भंजराडू में आईटीआई भवन और स्टेडियम (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर में सलूणी में इनडोर स्टेडियम (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) की आधारशिला रखी जाएगी।