दमोहः महिला यात्री से छेड़छाड़ की शिकायत, बस जब्त
दमोह, 01 मार्च । मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला यात्री द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री बस को जब्त कर लि गया हैा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़ की गई। शिकायत मिलते ही हटा थाना पुलिस सक्रिय हुई और संबंधित बस को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। बस में मौजूद चालक, परिचालक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बस मालिक आशिक से भी पुलिस द्वारा जानकारी ली जा रही है। घटना के समय बस में मौजूद अन्य यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। यदि जांच में आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

