जबलपुर में आज भाजपा नेताओं का जमावड़ा, प्रशिक्षण महाअभियान की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भाेपाल, 09 मार्च । जबलपुर में आज सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगेगा। भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता, मंत्री और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यशाला में जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से करीब 400 विषय वक्ता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता में मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में वैचारिक सत्र, संगठनात्मक चर्चा और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:45 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12:10 बजे रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 2:20 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 2:30 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
कई मंत्री भी रहेंगे मौजूद
बैठक में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल सुबह 10:30 बजे रीवा से जबलपुर पहुंचेंगे और 11 बजे प्रशिक्षण सत्र में वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
वहीं परिवहन और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सुबह 10 बजे नरसिंहपुर से जबलपुर पहुंचेंगे और कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगी। भाजपा के इस संभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

