UP

हमीरपुर की लापता तीन मासूम कानपुर में मिलीं

हमीरपुर, 11 मार्च । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव से लापता हुईं एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों के मिलने के बाद बुधवार को परिजनों ने राहत की सांस ली है। सुबह स्कूल के लिए घर से निकलीं बच्चियां रहस्यमय तरीके से कानपुर पहुंच गई थीं,जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

परछछ गांव निवासी बच्चियों लापता हुई बच्चियों में सुप्रिया 6 वर्ष पुत्री कैलाश, दिव्यांशी 9 वर्ष पुत्री केशव निषाद और अंजलि 10 वर्ष पुत्री मनोज निषाद के परिजन सुबह खेतों में काम पर गए थे। उन्हें लगा कि बच्चियां रोज की तरह स्कूल गई हैं, लेकिन जब दोपहर तक वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। फिर मौदहा कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों की परेशानी उस समय थोड़ी कम हुई जब एक टेंपो चालक ने उनसे संपर्क किया। चालक ने बताया कि बच्चियां उसकी गाड़ी में बैठकर मौदहा के अरतरा चौराहे तक आई थीं। इस जानकारी ने पुलिस और परिजनों को जांच की दिशा दी। पुलिस और परिजन अभी बच्चियों की तलाश में जुटे ही थे कि तभी कानपुर के नरवल थाने की तौस पुलिस चौकी से एक फोन कॉल आया।

चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने परिजनों को जानकारी दी कि तीनों बच्चियां सुरक्षित उनके पास हैं। बताया जा रहा है कि अंजलि और सुप्रिया के माता-पिता कानपुर में ही रहकर काम करते हैं। संभवतः बच्चियां इसी कारण रास्ता भटकते हुए या किसी अनजाने भरोसे में कानपुर की ओर चली गई थीं। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए परिजनों को सूचना दे दी है और उन्हें सुपुर्दगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।