भोपाल के एमपी नगर में ज्योति कॉम्प्लेक्स की 150 दुकानों में घुसा गंदा पानी, देर रात तक सुधारी सीवेज लाइन
भोपाल, 12 मार्च । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के व्यस्त कारोबारी इलाके एमपी नगर में ज्योति टॉकीज चौराहे के पास धंसी सड़क की मरम्मत के दौरान बुधवार को बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। सीवेज लाइन सुधार कार्य के चलते ज्योति कॉम्प्लेक्स की करीब 150 दुकानों में गंदा पानी भर गया, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई। जिसके बाद बुधवार देर रात तक सुधार कार्य चलता रहा। आज गुरुवार को दोबारा ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए नगर निगम की टीम मौके पर निगरानी रखेगी। वहीं पुलिस ने इलाके में ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है ताकि आवागमन सुचारू रह सके।
बताया जा रहा है कि सड़क सुधार के पहले दिन पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने नाले का पानी बंद कर दिया था। इसके बाद सीवेज लाइन का दबाव बढ़ गया और कुछ ही देर में गंदा पानी बेसमेंट और दुकानों में भरने लगा। ज्योति कॉम्प्लेक्स में कई मोबाइल शॉप और अन्य दुकानें बेसमेंट में स्थित हैं, जहां बदबू और तेजी से भरते पानी के कारण दुकानदारों को बाहर निकलना पड़ा। दुकानों में पानी भरने से नाराज व्यापारियों ने ज्योति टॉकीज से बोर्ड ऑफिस जाने वाले एकमात्र रास्ते को बंद कर दिया। पहले से ही बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज आने वाला मार्ग मरम्मत कार्य के कारण बंद है, ऐसे में दोनों तरफ रास्ते बाधित होने से इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
चेंबर ओवरफ्लो होने से बेसमेंट में भरा पानी
जानकारी के मुताबिक कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में पानी निकासी के लिए चेंबर बनाए गए हैं, जिनसे सीवेज लाइन भी गुजरती है। नाले का पानी बंद करने के बाद सीवेज लाइन पर दबाव बढ़ गया और चेंबर ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सीधे बेसमेंट में भर गया। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और टैंकरों की मदद से पानी को बाहर निकाला गया।
पिछले साल बारिश में धंसी थी सड़क
दरअसल, पिछले साल तेज बारिश के दौरान एमपी नगर की मुख्य सड़क अचानक धंस गई थी। यहां करीब 8 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया था, जिसमें एक कार तक समा सकती थी। बाद में अस्थायी मरम्मत की गई थी, लेकिन पीडब्ल्यूडी ने पूरे हिस्से का स्थायी समाधान करने का निर्णय लिया। दो-तीन बार टेंडर प्रक्रिया के बाद अब सड़क को दोबारा मजबूत बनाने का काम शुरू किया गया है।

