ग्राम सभा की 140 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप
हमीरपुर, 12 मार्च । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा डांडा गांव में ग्राम सभा की करीब 140 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा और खड़ी फसल काटे जाने का मामला गुरुवार को सामने आया है। ग्रामीणों ने इस प्रकरण में प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
ग्राम प्रधान माया देवी ने मुख्यमंत्री और शासन के प्रमुख सचिव को शिकायत पत्र भेजकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि पतारा डांडा गांव के पास बेतवा नदी किनारे स्थित गाटा संख्या 17/16 और 17/17, जिसका कुल रकबा 53.961 हेक्टेयर है, उसकी लगभग 140 बीघा ग्राम सभा की भूमि पर विश्राम यादव, पवन यादव और उनके पुत्रों ने कई वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा है।
प्रधान के अनुसार उन्होंने पूर्व में भी इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी, जिसकी जांच में लेखपाल की मिलीभगत प्रथम दृष्टया सामने आई थी। इसके बाद लेखपाल को निलम्बित कर खड़ी फसल की नीलामी का आदेश दिया गया था। आरोप है कि एसडीएम केडी शर्मा और तहसीलदार को बार-बार सूचना देने के बावजूद फसल को प्रशासन की सुपुर्दगी में नहीं लिया गया और न ही गांव में मुनादी कराई गई। प्रधान का कहना है कि केवल खानापूर्ति करते हुए कब्जा करने वाले पक्ष के ही एक व्यक्ति के नाम फसल की नीलामी कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि दबंग लोग लाठी-डंडों के बल पर पूरे गांव को धमकाते हैं, ग्राम सभा की जमीन पर पशु चराते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। शिकायत पत्र में खड़ी फसल की नीलामी को बड़ा घोटाला बताते हुए आला अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है। ग्राम प्रधान ने शासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ग्राम समाज की भूमि को कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।
वहीं इस मामले में गुरुवार को एसडीएम केडी शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लगभग 40 बीघा में बोई गई फसल की नीलामी पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई गई है तथा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

