MP

सीहोरः सलकनपुर में आगामी चैत्र नवरात्रि पर मेले की तैयारियां शुरू, कलेक्टर-एसपी ने ली बैठक

सीहोर, 12 मार्च । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सलकनपुर स्थित विजयासन देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां चैत्र नवरात्रि पर माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है।

आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्रि पर सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने गुरुवार को सलकनपुर में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार से की जाए कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो और सभी श्रद्धालु सुविधाजनक ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें।

बैठक में कलेक्टर ने पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई तथा पर्याप्त बिजली व्यवस्था के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन तथा निर्गमन की सुगम व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी के लिए फायर बिग्रेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला स्थल पर दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगवाने तथा मेले के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी शुक्ला ने सभी मुख्य स्थानों पर पर्याप्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने के संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था किसी भी प्रकार से बाधित न हो। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अधिकारी-कर्मचारी किसी भी स्थान पर यातायात बाधित होने पर तुरंत यातायात को सुचारू बनाए। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रांगण में रोपवे का निरंतर संचालन होता रहे, ताकि अधिक से अधिक लोगों का आवागमन हो सके। बैठक के पश्चात कलेक्टर-एसपी ने सलकनपुर मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। बैठक में सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एएसपी सुनीता रावत, एसडीएम दिनेश सिंह तोमर, एसडीओपी रवि शर्मा, नायब तहसीलदार सूरज अल्हपुरिया सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित थे।

मंदिर परिसर एवं मेला स्थल पर घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग रहेगा प्रतिबंधित

बैठक के दौरान मंदिर समिति द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान मेला स्थल एवं मंदिर परिसर में होटलों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ न रहे और घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस आदेश का कढ़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करने वालों के सिलेंडर जब्त कर उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही सभी दुकानों में फायर सेफ्टी के लिए छोटे अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप रखने के लिए निर्देशित किया जाए।

वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र की करें जांच

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान यातायात का बेहतर और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। टैक्सी संचालन में फिटनेस प्रमाण पत्र की जांच की जाए और उन्ही वाहनो (टैक्सी) को श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु अनुमति प्रदान की जाये जिनके पास आरटीओ द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण पत्र हो। जिन वाहनों का उपयोग टैक्सी के रूप में किया जायेगा उन वाहनों की कंडीशन सही होनी चाहिए, तथा समिति द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूल नही किया जाए। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री नहीं बैठाएं। ज्यादा पुरानी गाड़ियों का उपयोग नहीं करें एवं प्रशिक्षित वाहन चालक ही वाहन चलाएं, यह सुनिश्चित किया जाये।

मार्ग सुधार व्यवस्था के संबंध में निर्देश

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने निर्देश देते हुए कहा कि नवरात्रि मे श्रद्धालु बुधनी एवं अन्य स्थानों से पैदल चलकर सलकनपुर पहुंचते हैं। इस दौरान जगह-जगह चल रहे सड़क निर्माण कार्य की वजह से कई स्थानों पर रोड़ का कार्य अपूर्ण है या क्षतिग्रस्त है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने मार्गों पर आवश्यक सुधार कार्य कराना सुनिश्चित करें, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो एवं कोई अप्रिय स्थिति न बने।

वन क्षेत्र एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर रोके श्रद्धालुओं की आवाजाही

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सलकनपुर मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को पहाड़ी एवं वन क्षेत्र जाने से रोका जाए, ताकि जंगली जानवरों एवं किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके लिए उन्होंने उप वन मण्डलाधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे स्थलों को चिन्हित कर वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाये।

महत्वपूर्ण स्थानों पर हेल्थ कैंप

कलेक्टर ने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए हेल्थ कैंप लगाए जाए। जिससे श्रद्धालुओं को चिकित्सा की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मेडिकल सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य स्थानों पर हेल्प डेस्क

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में कोई परेशानी न हो, इसके लिए मुख्य स्थानों पर हेल्प डेस्क बनाए जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में कन्ट्रोल रूम बनाया जाए, ताकि ड्यूटी के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी सतत संपर्क में रहें।

पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था

कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य स्थानों पर अस्थाई शौचालय भी स्थापित किए जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो।

कलेक्टर-एसपी ने नर्मदा आवंलीघाट का किया निरीक्षण

भूतड़ी अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आंवलीघाट पहुंचते है। आंवलीघाट पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने आवंलीघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए और श्रद्धालु अधिक गहराई में न जाए, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंवलीघाट पर पुलिस, होमगार्ड के जवान तथा गोताखोरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वॉटर बोट की भी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंवलीघाट श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए पर्याप्त पर्किंग व्यवस्था करने एवं संकेतक लगाने के निर्देश दिए।