झज्जर : मेले व कुश्ती दंगल हमारी संस्कृति और वीरता के प्रतीक : ओमप्रकाश धनखड़
झज्जर, 12 मार्च । भारतीय जनता पार्टी के सचिव ओमप्रकाश धनखड़ लडायन गांव में सर्वजातीय 36 जाखड़ खाप के चबूतरे पर आयोजित भव्य कुश्ती दंगल में पहुंचे। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि परंपरा अनुसार पहली कुश्ती के लिए पहलवानों के हाथ मिलवाए और पहलवानों को खेल भावना के साथ मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया।
दंगल में कई कांटे के मुकाबले हुए। इन मुकाबले का कुश्ती प्रेमियों ने जमकर आनंद लिया। सभी भार वर्गों के मुकाबलों के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्र की सरदारी ने मुख्य अतिथि ओमप्रकाश धनखड़ का जोरदार स्वागत किया। उन्हाेंने बुद्धों माता मंदिर कमेटी को 51 हजार रूपये का अनुदान दिया। उपस्थित कुश्ती प्रेमियों को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मेले और कुश्ती दंगल हमारी पुरानी परंपरा है। ऐसे सामूहिक तौर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम युवा पीढ़ी को भाईचारे के साथ मिलजुल कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। हमारी युवा पीढ़ी और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिलता है। मेहनत करने से सभी पहलवानों का भविष्य उज्ज्वल होता है। उन्हाेेंने कहा कि दंगल हमारी हरियाणवी संस्कृति, परंपरा और वीरता का प्रतीक है जो युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और भाईचारे को मजबूत करता है। ऐसी परंपराएं हमारी संस्कृति और समाज की ताकत हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र की सरदारी, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना, ब्लॉक समिति चेयरमैन दीपक कुमार, सूबेदार सुरेंद्र सिंह, धरमवीर सिंह व सतबीर सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

