कुंभ मेले की तैयारियां तेज, मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को किया जाएगा सुदृढ़
हरिद्वार, 13 मार्च । अगले वर्ष हाेने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। कुंभ क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने मोतीचूर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की तथा रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की। अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्म के सुदृढ़ीकरण, यात्रियों के बैठने और ठहरने की समुचित व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों के बेहतर प्रबंधन, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, शौचालयों की संख्या बढ़ाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाना आवश्यक है।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कुंभ मेले को देखते हुए मोतीचूर रेलवे स्टेशन के उन्नयन के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाकर उसे अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाएगा, वहीं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए स्टेशन पर रैंप का निर्माण भी किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि स्टेशन के आसपास वन क्षेत्र होने के कारण हाथियों की आवाजाही रहती है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में सोलर फेंसिंग लगाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा कुंभ मेले के दौरान बढ़ी हुई यात्री संख्या को संभालने के लिए रेलवे और मेला प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसर में अस्थायी व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मेला कार्यालय के टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार, व्यवस्थाधिकारी विकास शर्मा, मोतीचूर के स्टेशन अधीक्षक, रेलवे के अभियंता तथा आरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

