मंदसौर में एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 46 ग्राम नशीला पाउडर जब्त
मंदसौर, 14 मार्च । केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 46 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीएन की मध्यप्रदेश इकाई को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक के माध्यम से प्रतापगढ़ क्षेत्र से अवैध एमडी पाउडर लेकर मंदसौर में तस्करों को सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर सीबीएन मंदसौर प्रथम खंड की टीम ने शनिवार सुबह शहर के प्रमुख मार्गों और संदिग्ध स्थानों पर निगरानी शुरू की।
निगरानी के दौरान टीम ने मंदसौर के एमआईटी चौराहे के पास एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक प्लास्टिक पैकेट में रखा 46 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही एमडी पाउडर और बाइक को जब्त कर लिया।
सीबीएन ने दोनों आरोपियों को मादक पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

