नवरात्र की तैयारियों को लेकर पंडा समाज की बैठक, कई अहम निर्णय
मीरजापुर, 15 मार्च । आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर रविवार दोपहर विंध्य पंडा समाज व्यवस्थापिका समिति की आम सभा आयोजित की गई। बैठक में मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सभा में तय किया गया कि नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी दरबार में 24 घंटे चरण स्पर्श पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही सभी पुरोहित निर्धारित ड्रेस कोड और आईकार्ड के साथ ही पूजा-पाठ का कार्य करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निकास द्वार को दर्शनार्थियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे। बाहरी व्यक्तियों द्वारा यात्रियों से अवैध धन उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थानों पर ही स्नान कराने के लिए पुरोहितों से यात्रियों को जागरूक करने की अपील की गई, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि आगामी नवरात्र मेला जिला प्रशासन और पंडा समाज के आपसी समन्वय से सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में मंत्री भानू पाठक, सदस्य शनि दत्त पाठक, संगम लाल त्रिपाठी, रघुबर दयाल उपाध्याय, गौतम द्विवेदी, तेजन गिरी, गुंजन मिश्र, केदार भंडारी, अश्वनी उपाध्याय सहित अन्य सदस्य व पुरोहित मौजूद रहे।

