Himachal Pradesh

बिजली के ट्रांसफार्मर से कॉपर कोर उड़ा ले गए चोर

शिमला, 16 मार्च । राजधानी शिमला से सटे ग्रामीण क्षेत्र सुन्नी में बिजली ट्रांसफार्मर से कॉपर कोर चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला पुलिस थाना सुन्नी में विद्युत मंडल क्यारली के अंतर्गत विद्युत उपमंडल जलोग में कनिष्ठ अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

शिकायत में बताया गया है कि एलआईएस स्टेज जैशी में स्थापित 100 केवीए क्षमता के 22/0.440 केवी डीटीआर ट्रांसफार्मर से किसी अज्ञात व्यक्ति या अज्ञात तत्वों ने कॉपर कोर चोरी कर लिया। यह ट्रांसफार्मर इलाके की बिजली व्यवस्था के लिए लगाया गया था, लेकिन उसमें से कॉपर कोर गायब पाए जाने के बाद विभाग ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस पोस्ट जलोग के अन्वेषण अधिकारी हेड कांस्टेबल तिलक राज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच और शिकायत में बताए गए तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस ने इसे संज्ञेय अपराध मानते हुए मामला दर्ज किया।

पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 305(ई) के साथ-साथ पीडीपी एक्ट 1984 की धारा 3(2)(ए) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी को अंजाम देने वाले लोग कौन थे और वे कॉपर को कहां ले गए।

पुलिस का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

गौरतलब है कि शिमला जिले के ऊपरी और ग्रामीण इलाकों में इससे पहले भी ट्रांसफार्मरों से कॉपर चोरी होने के मामले सामने आते रहे हैं। पुलिस ने ऐसे कुछ मामलों को सुलझाते हुए चोरों को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन इसके बावजूद समय-समय पर इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।