MP

बैतूल-अमरावती हाईवे पर चक्काजाम, पानी और सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन

बैतूल, 17 मार्च । मध्य प्रदेश के बैतूल-अमरावती स्टेट हाईवे पर मंगलवार को उस समय यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया, जब भैंसदेही विकासखंड की विजयग्राम पंचायत के नीमढाना गांव के ग्रामीणों ने पेयजल संकट और जर्जर सड़कों के विरोध में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि नीमढाना गांव लंबे समय से भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। राेजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों का जीवन बेहद कठिन हो गया है। वहीं गांव की सड़कें भी खस्ताहाल हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, खासकर बारिश के समय हालात और बदतर हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच और सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत कार्यालय अक्सर बंद रहता है और शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ग्रामीण ट्रैक्टरों में भरकर झल्लार थाने पहुंचे थे और अपनी मांगों को लेकर आवेदन सौंपा था। उसी दौरान 17 मार्च को चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी गई थी।

चेतावनी के बाद प्रशासन ने गांव में एक बोरवेल तो खुदवाया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब वे पेयजल के साथ-साथ सड़क निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं।

मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विजयग्राम बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और हाईवे पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।