UP

ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत, तीसरा घायल

फतेहपुर, 24 मार्च । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

धाता थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा के पास बीती रात मोटरसाइकिल (यूपी 71 बीएफ 9967) से तीन युवक चित्रकूट जा रहे थे। तभी एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार अनुज सिंह (18) पुत्र राम सुमेर निवासी जमोती का डेरा मटिहा थाना असोथर और जय सिंह (22) निवासी जयचंद्रपुर हंसवा थाना थरियाव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक सुनील कुमार (19) पुत्र जुगराज निवासी जमोती का डेरा मटिहा थाना असोथर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।