मंडी के पंडोह डैम के पास बस और कार में भीषण टक्कर, दो की मौके पर मौत, दो घायल
मंडी, 26 मार्च । मंडी जिला के मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह डैम के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों जिसमें एक युवक ओर युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस नंबर HP 65 B 0544 मंडी से कुल्लू की ओर जा रही थी, जबकि कार नंबर HP 28 B 2541 कुल्लू से मंडी की तरफ आ रही थी। पंडोह डैम के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में शशांक शर्मा (23) पुत्र विनोद कुमार, निवासी गाँव मजवान, डाकघर कलखर, बलद्वाड़ा, गायत्री देवी (22) पुत्री राकेश कुमार निवासी गांव रिहाली टांडा डाकघर भांबला जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में कश्मीर सिंह (21) पुत्र नूर चंद निवासी गांव गद्दालस रंधाड़ा तहसील बल्ह, जिला मंडी और दीक्षा चौहान (21) पुत्री राजेश कुमार निवासी गांव हटली, पत्याला बंगाणा जिला ऊना घायल हो गए हैं।
हादसे की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

