सोनू निगम के ‘सतरंगी रे’ कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, कई मार्गों पर रहेगा असर
नई दिल्ली, 27 मार्च । इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 28 मार्च को होने वाले मशहूर गायक सोनू निगम के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट ‘सतरंगी रे’ को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। जबकि दोपहर 2 बजे से ही स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू कर दिए जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए आईपी मार्ग (एमजीएम रोड), विकास मार्ग और राजघाट से आईपी डिपो तक रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। खासतौर पर राजघाट से आईपी मार्ग की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इन मार्गों से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दोपहर दो बजे से रात 10 बजे के बीच आईपी मार्ग, विकास मार्ग और राजघाट से आईपी डिपो तक रिंग रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे इन रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेट निर्धारित
ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग गेट तय किए हैं। गेट नंबर 7 और 8 वेलोड्रोम रोड पर स्थित हैं, जहां से प्रवेश केवल वेलोड्रोम रोड के जरिए ही होगा। वहीं गेट नंबर 21, 22, 16 और 18 रिंग रोड पर स्थित हैं, जिनमें प्रवेश आईपी मार्ग (एमजीएम रोड) से कराया जाएगा।
पार्किंग के सख्त नियम लागू
स्टेडियम के आसपास सीमित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। केवल उन्हीं वाहनों को पार्किंग की अनुमति होगी, जिनके पास वैध पार्किंग लेबल होगा। लेबल को वाहन के विंडस्क्रीन पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा और उस पर वाहन संख्या लिखी होनी चाहिए। बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को स्टेडियम के पास आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पार्किंग के लिए आने वाले वाहन चालकों को रिंग रोड होते हुए एमजीएम रोड से प्रवेश करने की सलाह दी गई है।
गलत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक रिंग रोड के दोनों कैरिजवे पर किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तुरंत टो कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें और यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक जाम और असुविधा से बचा जा सके।

