मंदसौरः खेत से लौट रहे बुजुर्ग की पत्थरों से कुचलकर हत्या
मंदसौर, 27 मार्च । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सीतामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत साखतली गांव में शुक्रवार को खेत से घर लौट रहे एक बुजुर्ग की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, साखतली गांव निवासी बुजुर्ग शंकरलाल पाटीदार शुक्रवार को साइकिल से अपने खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान इलाके में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोका और पत्थरों से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान भी चला रही है। सीतामऊ पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।
जमीन विवाद बना हत्या की मुख्य वजह
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग शंकरलाल पाटीदार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल सभी एंगल से जांच कर रही है।
शंकरलाल पूर्व में भी अपने जमीन विवाद को लेकर प्रशासन के पास गुहार लगा चुका था। जुलाई 2024 में उसने मंदसौर कलेक्टर कार्यालय में लोट लगाकर न्याय की मांग की थी। उसका आरोप था कि उसकी जमीन की गलत तरीके से रजिस्ट्री करवाई गई है और उसे प्रशासन से न्याय चाहिए।
उसी दौरान जमीन खरीददार अश्विन देशमुख ने दावा किया था कि उसने शंकरलाल के भाई के हिस्से की जमीन खरीदी है, जिस पर शंकरलाल ने अवैध कब्जा कर रखा है। उसने अपने पक्ष में दस्तावेज भी प्रस्तुत किए थे। मामले को तत्कालीन कलेक्टर दिलीप यादव ने संज्ञान में लिया था। जहां एक ओर शंकरलाल का कहना था कि वह कभी कोर्ट नहीं गया, वहीं दूसरी ओर अश्विन देशमुख का दावा था कि शंकरलाल जिला कलेक्टर कार्यालय और एसडीएम न्यायालय में यह मामला हार चुका है।

