एलपीजी की कालाबाजारी के 9 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज, 2888 सिलेण्डर किए गए जब्त
भोपाल, 27 मार्च । मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि मध्य प्रदेश में एलपीजी (एलपीजी), पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। भारत की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है। जिससे सप्लाई में कोई रुकावट नहीं है।
मंत्री राजपूत ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिये निरंतर कार्यवाही की जा रही है। अभी तक 2046 स्थानों पर जांच की गई औऱ 2888 एलपीजी सिलेण्डर जब्त किये गए तथा 09 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज कराई गई।
रसोई गैस (एलपीजी) की स्थितिएलपीजी के बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक है। ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी प्लांट अतिरिक्त समय तक काम कर रहे हैं।
पेट्रोल, डीजल की उपलब्धता
प्रदेश में आज की स्थिति में सभी ऑयल कंपनियों के पास पेट्रोल/डीजल (एमएस/एचएसडी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी ऑयल कंपनियों के पास रोजाना नया स्टॉक पहुँच रहा है। इससे आने वाले दिनों की मांग को आसानी से पूरा किया जा सकता है।
पैनिक बाइंग और भीड़ का कारण
मध्य प्रदेश में सामान्य बिक्री प्रतिदिन लगभग 9 किलोलीटर पेट्रोल और 18 किलोलीटर डीजल की होती है। पिछले कुछ दिनों में ग्राहकों द्वारा पैनिक बाइंग (डर के कारण अधिक खरीदारी) करने से कुछ जिलों में बिक्री 2 से 2.5 गुना बढ़ गई है। इसी वजह से कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें और अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति बनी थी। पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की कमी की कोई स्थिति नहीं है। कंपनी के डिपो से भी डीजल/पेट्रोल की लगातार पूर्ति की जा रही है।
अतिरिक्त मांग को पूरा करने के कदम
इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए सभी सप्लाई लोकेशन ज्यादा समय तक काम कर रहे हैं और मांग को पूरा कर स्थिति को सामान्य किया जा रहा है।
अपील
खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा है कि मध्य प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है।उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल क्रय करें। किसी प्रकार का संग्रह न करें। ऑयल कंपनी की ओर से यह दोहराया गया है कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में है। मध्य प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

