Delhi

अगले सप्ताह स्टॉक मार्केट में सिर्फ तीन ट्रेडिंग होगी, साप्ताहिक अवकाश के अलावा और दो दिन छुट्टी

नई दिल्ली, 29 मार्च । सोमवार यानी 30 मार्च से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह के दौरान सिर्फ तीन दिन ही बीएसई और एनएसई पर ट्रेडिंग होगी। इस सप्ताह सोमवार से लेकर शुक्रवार तक के पांच कारोबारी दिन के बीच दो दिन छुट्टी रहने वाली है। इसके पहले शुक्रवार यानी 27 मार्च को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान भी घरेलू शेयर बाजार में रामनवमी की छुट्टी के कारण सिर्फ चार दिन ही कारोबार हुआ था।

स्टॉक मार्केट द्वारा जारी हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार 30 मार्च से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह में श्री महावीर जयंती और गुड फ्राइडे के कारण दो दिन घरेलू शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। इन दोनों दिन बीएसई और एनएसई ट्रेडिंग नहीं होगी। अगले सप्ताह मंगलवार के दिन यानी 31 मार्च को श्री महावीर जयंती के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहेगा। इसके बाद शुक्रवार यानी तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी।

इस तरह शेयर बाजार में सिर्फ सोमवार, बुधवार और गुरुवार को ही ट्रेडिंग होगी। अगर सप्ताह के सात दिन के हिसाब से देखा जाए तो अगले सप्ताह श्री महावीर जयंती और गुड फ्राइडे की छुट्टी के अलावा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। इस तरह सात दिन के सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही कारोबार होगा, जबकि चार दिन ट्रेडिंग नहीं होगी।

इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक साल 2026 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कुल 16 दिन छुट्टी की घोषणा की गई है। पूरे साल के दौरान सबसे अधिक छुट्टी मार्च के महीने में दी गई है। मार्च के महीने में तीन मार्च को होली की छुट्टी थी, जबकि 26 मार्च को रामनवमी की छुट्टी थी। इसके बाद मार्च के आखिरी दिन 31 तारीख को श्री महावीर जयंती के कारण छुट्टी रहने वाली है।

मार्च के बाद 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी रहेगी, जबकि 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। इसी तरह एक मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा, जबकि 28 मई को स्टॉक मार्केट में बकरीद की छुट्टी रहेगी। जून के महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा।

इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी, जबकि अक्टूबर के महीने में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा।

इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को दिवाली और बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।