Uttarakhand

2500 में सिलेंडर: हल्द्वानी में ब्लैक मार्केट का खुलासा

हल्द्वानी , 30 मार्च । रसोई गैस वितरण को लेकर अव्यवस्था के बीच कालाबाजारी का मामला सामने आया है। गैस की किल्लत झेल रहे लोगों के लिए यह स्थिति और चिंता बढ़ाने वाली है। प्रशासन जहां आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास में जुटा है, वहीं कुछ कर्मचारी इस संकट का फायदा उठाकर अवैध तरीके से सिलेंडर बेच रहे हैं।मामला शहर के वार्ड नंबर 11, आनंदबाग क्षेत्र का है, जहां इंडेन गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा था।

इसी दौरान एजेंसी का एक कर्मचारी, जिसकी पहचान शिब्बू के रूप में हुई है, एक उपभोक्ता को गैस सिलेंडर 2500 रुपये में ब्लैक में बेचते हुए पकड़ा गया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद रवि जोशी मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया।

उन्होंने तत्काल इस मामले की शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट से की। पार्षद ने आरोप लगाया कि गैस की कमी के बीच आम लोगों को परेशान किया जा रहा है और कर्मचारियों द्वारा मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।