रोहड़ू में चार युवकों से पकड़ा चिट्टा, मामला दर्ज
शिमला, 31 मार्च । शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस ने चार युवकों के कब्जे से 3.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम थाना रोहड़ू में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए प्रिंस देशटा पुत्र रमेश देशटा निवासी सैंजी, अंकित चांजटा पुत्र भूपिंदर निवासी छाजपुर, रजनीश ठाकुर पुत्र सोहन ठाकुर निवासी अडाल और वीरेन्द्र देशटा पुत्र केहर सिंह निवासी समोली, रोहड़ू के कब्जे से 3.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही चिट्टे की मात्रा कम होने की वजह से आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

