विश्व मे चल रहे युद्धों के बीच धर्मगुरु दलाई लामा ने की शांति की अपील
धर्मशाला, 31 मार्च ।रूस-यूक्रेन और मिडल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने शांति की अपील की है। दलाई लामा ने पाम संडे के अवसर पर पोप लियो द्वारा शांति के लिए की गई अपील का समर्थन किया है। उन्होंने अपने संदेश में हथियारों को त्यागने और हिंसा का मार्ग छोड़ने के पोप के आह्वान को मानवता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
दलाई लामा ने कहा कि पोप की यह अपील उनके मन को गहराई से छू गई है। उन्होंने इसे दुनिया के सभी प्रमुख धर्मों की मूल शिक्षाओं के अनुरूप बताया। आध्यात्मिक गुरु ने स्पष्ट किया कि चाहे ईसाई धर्म हो, बौद्ध धर्म, इस्लाम, हिंदू, यहूदी या कोई भी अन्य महान आध्यात्मिक परंपरा, सभी का मूल संदेश प्रेम, करुणा, सहिष्णुता और आत्म-अनुशासन है।
दलाई लामा ने जोर देकर कहा कि हिंसा का इन पवित्र शिक्षाओं में कोई स्थान नहीं है। इतिहास गवाह है कि हिंसा कभी भी शांति का स्थायी
आधार नहीं बन सकती, बल्कि यह केवल अधिक हिंसा को जन्म देती है।
रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व के संकटों का जिक्र करते हुए दलाई लामा ने संदेश दिया कि किसी भी संघर्ष का स्थायी समाधान केवल संवाद, कूटनीति और आपसी सम्मान के जरिए ही निकाला जा सकता है। उन्होंने दुनिया को याद दिलाया कि हम सभी बुनियादी तौर पर भाई-बहन हैं।
दलाई लामा ने वैश्विक स्तर पर प्रार्थना और आग्रह किया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे संघर्ष और हिंसा जल्द से जल्द समाप्त हों, ताकि मानवता चैन की सांस ले सके।

