World

प्रतिनिधि सभा का पहला अधिवेशन आज से , तीन अध्यादेश पेश होंगे

काठमांडू, 02 अप्रैल । प्रतिनिधि सभा के चुनाव के बाद संसद का पहला अधिवेशन आज से प्रारंभ हो रहा है। सिंहदरबार स्थित निर्माणाधीन संघीय संसद भवन के बहुउद्देश्यीय कक्ष में आज दोपहर 2 बजे प्रतिनिधि सभा की बैठक आहूत की गई है। राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने 30 मार्च को संविधान के अनुसार मंत्रिपरिषद की सिफारिश पर आज के लिए संघीय संसद के दोनों सदनों का अधिवेशन आह्वान किया था। बैठक की शुरुआत में प्रोटेम स्पीकर अर्जुननरसिंह केसी अधिवेशन आह्वान संबंधी पत्र पढ़ेंगे और मंत्रिपरिषद गठन की जानकारी देंगे।

संसद सचिवालय के प्रवक्ता एकराम गिरी के अनुसार बैठक संचालन के लिए भौतिक, सुरक्षा, तकनीकी और जनशक्ति सहित सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। संघीय संसद के ऊपरी सदन (राष्ट्रीय सभा) की बैठक सिंहदरबार स्थित संसद सचिवालय स्थित राष्ट्रीय सभा कक्ष में होगी। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के 182, नेपाली कांग्रेस के 38, नेकपा एमाले के 25, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के 17, श्रम संस्कृति पार्टी के 7, राष्ट्रीय प्रजातन्त्र पार्टी के 5 और एक स्वतंत्र सांसद हैं।

अधिवेशन की शुरुआत के अवसर पर दलों के आधार पर सांसद अपने-अपने विचार रखेंगे। प्रोटेम स्पीकर के सी के अनुसार, आज स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने, एमाले संसदीय दल के नेता रामबहादुर थापा, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तथा संसदीय दल के नेता पुष्पकमल दाहाल, श्रम संस्कृति पार्टी के अध्यक्ष तथा संसदीय दल के नेता हर्क सांपांग और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के संसदीय दल के नेता ज्ञानेन्द्रह शाही संबोधन करेंगे। कांग्रेस की ओर से वक्ता का नाम अभी तय नहीं हुआ है।

आज की बैठक में तीन अध्यादेश पेश किए जाएंगे। गृहमंत्री सुदन गुरूंग के तरफ से ‘मतदाता नामावली (पहला संशोधन) अध्यादेश 2025’, ‘प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन (पहला संशोधन) अध्यादेश 2025’ और ‘नेपाल विशेष सेवा (दूसरा संशोधन) अध्यादेश 2025’ पेश किया जाएगा। इसके अलावा, प्रोटेम स्पीकर केसी प्रतिनिधि सभा की कार्यवाही तब तक 2022 की नियमावली के अनुसार चलाने का प्रस्ताव पेश करेंगे जब तक नई नियमावली नहीं बनती। आज स्पीकर की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता करने वाले सदस्यों का भी मनोनयन भी किया जाएगा।

आज स्पीकर (सभामुख) चुनाव की समय-सारिणी सार्वजनिक की जाएगी। सर्वदलीय बैठक में 5 अप्रैल को सभामुख का चुनाव कराने पर सहमति बनी है। बैठक के अंत में संविधान सभा के पूर्व सदस्यों—ऋषिकेश गौतम, मोहम्मद आफताब आलम, आमोद प्रसाद उपाध्याय, होमनाथ दाहाल और बलदेव बोहोरा के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।