फतेहाबाद : टोहाना में नहरों के बीच मिला बुजुर्ग का शव, कुत्तों ने बुरी तरह नोचा चेहरा
फतेहाबाद, 03 अप्रैल । टाेहाना शहर में हिसार रोड पर स्थित दो नहरों के बीच से एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को कुत्तों ने बुरी तरह नोंचा हुआ था, जिस कारण मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में पहचान के लिए रखवाया है और आसपास के जिलों के थानों को इसकी सूचना भेज दी है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह के समय शहर पुलिस को सूचना मिली कि हिसार रोड पर दो नहरों के बीच रास्ते में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। एएसआई रामकिशन ने बताया कि मृतक के चेहरे को जानवरों ने बुरी तरह नोचा हुआ है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष से अधिक प्रतीत हो रही है। शरीर पर अन्य किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए नागरिक अस्पताल में सुरक्षित रखा है। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के जिलों के थानों को सूचना भेज दी गई है ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द हो सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

