सिरसा: हेरोइन व चूरापोस्त सहित पांच नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 04 अप्रैल । स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी लक्ष्मण सिंह, लखविंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, पंजाब निवासी मंथन सिंह व जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम गांव बणी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गांव बणी की तरफ से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से पांच ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एएनसी स्टाफ डबवाली पुलिस ने गांव पन्नीवालामोरिका क्षेत्र से लखविंद्र सिंह को छह ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
एएनसी स्टाफ पुलिस टीम गांव जोगेवाला से पन्नीवालामोरिका की ओर जा रही थी। गांव के बस अड्डे के निकट एक व्यक्ति बैठा था जो कि पुलिस को देखकर खिसकने लगा, पुलिस ने उसे काबू कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने गांव आसाखेड़ा क्षेत्र से राजेंद्र कुमार को साढ़े चार किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू किया है। चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी चूरापोस्त बेचने की फिराक में था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। सीआईए डबवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित मुख्य तस्कर मंथन सिंह को पंजाब के मुक्तसर साहिब से गिरफ्तार किया है।
सीआईए प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने बीते दिवस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन पकड़ी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मंथन सिंह ने हेरोइन सप्लाई की थी। रोड़ी थाना प्रलिस ने लाखों रुपये की 70 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में मुख्य सप्लायर जसप्रीत सिंह को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना सिरसा पुलिस ने सिरसा जिले के गांव भुर्टवाला निवासी एक व्यक्ति से 53 हजार 700 रुपये ठगी करने के मामले में राजस्थान के नागौर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के नागौर जिला निवासी छोटूराम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गांव भुर्टवाला निवासी रणबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाया कि उसके मोबाइल पर एक लिंक आया जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया तो एक ऐप डाउनलोड हो गया। कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से 53 हजार 700 रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर थाना पुलिस ने सुराग जुटाकर आरोपी को राजस्थान के नागौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज गया है। साइबर थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति ठगी के इस नेटवर्क में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

